छात्र संघ चुनाव को बहाल करने की पैरवी
रामपुर कॉलेज की एसएफआई इकाई छेड़ेगी हस्ताक्षर अभियान
12 जुलाई को विभिन्न मांगों को लेकर इकाई करेगी प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर कॉलेज की एसएफआई इकाई ने कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंप कर छात्र संघ चुनाव को बहाल करने की पैरवी की है। इकाई के पदाधिकारियों के अनुसार कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर इकाई 12 जुलाई को कॉलेज परिसर में सरकार और प्रदेश विवि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी और हस्ताक्षर अभियान छेड़ेगी। पदाधिकारियों ने चेताया है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
एसएफआई इकाई रामपुर ने मंगलवार को कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य पीसी कश्यप को ज्ञापन सौंपा। इकाई उपाध्यक्ष नेहा ठाकुर की अध्यक्षता में मिले कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में बस पास काउंटर की सुविधा देने, एटीएम की सुविधा देने, कक्षाओं में बिजली, पंखों की मरम्मत और नए कूलरों की व्यवस्था करने सहित कॉलेज में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने कॉलेज लाइब्रेरी में नई पुस्तकें, साइंस ब्लॉक में नए उपकरण मंगवाने जैसे कई मांगें कॉलेज प्रबंधन के समक्ष रखीं। एसएफआई ने चेताया कि यदि जल्द ही मांगों को लेकर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो इकाई आने वाले समय में क्रमिक अनशन शुरू करेगी। इस मौके पर इकाई सचिव राहुल ठाकुर, काजल, अनु ठाकुर, संगीता नेगी, रीता कौशल, नरेश ठाकुर, राजीव कुमार और राहुल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।