कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई बाजार की मुख्य सड़क पर लोगों को अब धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को चकाचक कर दिया है। लंबे समय से लोग बाजार की खस्ताहाल सड़क से परेशान थे। अमर उजाला ने भी 20 सितंबर 2017 को खस्ताहाल सड़क के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। करीब 35 लाख रुपये की लागत से सड़क पर मैटलिंग की गई है। पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम बनाया गया है।
कोटखाई बाजार में पचास से अधिक दुकानें, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय हैं। बाजार में रोजाना क्षेत्र के हजारों लोग अपने काम के सिलसिल में पहुंचते हैं। करीब दो किलोमीटर सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तबदील हो गई थी। मौसम साफ होने पर सड़क पर धूल उड़ती थी। बारिश में सड़क पर कीचड़ भर जाता था। पैदल चलना भी मुश्किल था। अब लोनिवि ने 35 सड़क को पक्का कर दिया है। बाजार के बीचों बीच स्थित कोटखाई बस स्टैंड सड़क को भी पूरी तरह पक्का किया गया है।
नगर पंचायत कोटखाई की अध्यक्ष शारदा वर्मा, पार्षद रीशा देवी, बाग डुमैहर पंचायत प्रधान नीना कजोलटा, पनोग पंचायत प्रधान दलीप जस्टा, पांदली पंचायत प्रधान राजेश चौहान ने बताया कि सड़क की स्थिति काफी खराब थी। विभाग ने अब सड़क को पक्का कर दिया है। इससे क्षेत्र के हजारों को लोगों को सुविधा होगी। स्थानीय दुकानदारों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए विधायक नरेंद्र बरागटा का भी आभार व्यक्त किया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखिल चौहान ने बताया कि 35 लाख रुपये की लागत से सड़क को पक्का किया गया है। पूरी सड़क चकाचक कर दी गई है। अब लोगों को सड़क पर कोई परेशानी नहीं होगी।
विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बरागटा ने बताया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में सड़क काफी खराब थी। इसे अब सुधारा गया है। आगामी दिनों में क्षेत्र की सभी खस्ताहाल सड़कों को सुधार जाएगा। विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।