अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू।
नेरवा-देइया मार्ग पर दयांडली के पास शुक्रवार रात एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत और दो अन्य घायल हो गए। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बोलेरो नंबर एचपी-08ए- 2825 नेरवा से बागना की तरफ जा रही थी। इस दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे जीप दयांडली के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस की दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को खाई से निकाला गया। मृतक की पहचान दिला राम (40) पुत्र लायक राम, गांव बागना, तहसील नेरवा के रूप में हुई है। वीरेंद्र शर्मा पुत्र दुला राम निवासी गुणसा, तहसील नेरवा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे नेरवा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रैफर किया गय है। जीप के चालक संदीप कुमार पुत्र मस्त राम निवासी गांव बागना, तहसील नेरवा को मामूली चोटें आई हैं। उपचार के बाद चालक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने हादसे की पुष्टि की। कहा कि नेरवा थाने में आईपीसी की धारा 279 , 337 के तहत मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।