कानम गांव में 5 दिन से पानी की सप्लाई ठप
कई किलोमीटर दूर खड्ड से पानी ढो रहे हैं ग्रामीण
आईपीएच पर लगाया समस्या की अनदेखी का आरोप
धर्मेंद्र बोज्ञाटो
कानम (किन्नौर)। किन्नौर जिले के कानम पंचायत में पांच दिनों से पानी की सप्लाई ठप पड़ी है। ग्रामीणों को गांव से कई किलोमीटर दूर जाकर खड्ड का गंदा पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि इस समस्या के बारे में विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है, बावजूद इसके समस्या बरकरार है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया है।
युवा कांग्रेस मीडिया प्रभारी किन्नौर केसर नेगी के अनुसार पानी की समस्या को लेकर आईपीएच विभाग को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। कानम गांव के लोगों में जसवंत नेगी, आशा नेगी, सुरेंद्र नेगी, जिंबर नेगी, अर्जुन नेगी और देव विद्या नेगी ने आईपीएच विभाग और प्रशासन से मांग की है जल्द से पानी की सुचारू व्यवस्था की जाए। अगर समस्या हल नहीं हुई तो प्रशासन और आईपीएच विभाग के खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा। वहीं आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास के अनुसार कानम में पाइप लाइन टूटने से लोगों को परेशानी हुई है। पानी की पाइप को रामपुर से मंगवा लिया है शनिवार को पाइप लाइन जोड़ दी जाएगी। जिससे लोगों की समस्या का समाधान हो सके।