प्रतिभागियों को नहीं मिला मानदेय
युकां रोहड़ू मंडल ने प्रदेश सरकार पर लगाया आरोप
कहा-विधायक पर लगाए जा रहे आरोप आधारहीन
रोहड़ू। युवा कांग्रेस रोहड़ू मंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में रोहड़ू मेला के प्रतिभागियों को मानदेय नहीं दिया है। मेले का आयोजन दो माह पहले हुआ था। इसी मुद्दे को लेकर युवा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम रोहड़ू से मिला। इस मौके पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सुजय अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेताओं ने मेले में दूर-दूर से प्रतिभागियों को बुलाया था लेकिन मेले में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान विजेता खिलाड़ियों को अभी तक न तो मेला कमेटी ने इनाम राशि दी है और न कोई प्रोत्साहन राशि।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की ओर से क्षेत्र में सुविधाओं को लेकर विधायक को जिम्मेदार ठहराना हास्यास्पद है। विधायक कई बार मुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रियों एवं विभाग अध्यक्षों से खाली पदों को भरने संबंधी बात कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। भाजपा को हमेशा बढ़त देने वाले बूथ के अंतर्गत आने वाले बुसारी स्कूल में भी अध्यापकों के तबादले कर दिए हैं। इसी तरह शेखल और खंगटेरी के सुंदरनगर स्कूल में भी अध्यापक नहीं है। जबकि शिक्षा मंत्री रोहड़ू से संबंधित है। यदि इस प्रकार अनदेखी चलती रही तो युवा कांग्रेस सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएगी।