अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)।
जिला स्तरीय आनी मेला आठ से 11 मई तक आयोजित होगा। इसके सफल आयोजन को लेकर एसडीएम सभागार आनी में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें आनी विस क्षेत्र के विधायक किशोरीलाल सागर विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को मेले संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए। इसके लिए लिए समितियों और उपसमितियों का गठन किया गया।
मेले में देवता शमशरी महादेव, पनेउई नाग, देहुरी नाग, कुलक्षेत्र महादेव और ब्युंगली नाग देवता शिरकत करेंगे। क्षेत्र के अन्य देवी-देवताओं को भी मेले में भाग लेने का निमंत्रण दिया जाएगा। मेले में तीन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बहुत जल्द कलाकारों का चयन किया जाएगा। स्थानीय लोक कलाकारों को भी मौका दिया जाएगा। इसके साथ स्कूली बच्चे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। दिन के कार्यक्रमों में महिला मंडल और सांस्कृतिक दल भी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मेले के उपलक्ष्य पर वॉलीबाल, रस्साकशी प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। इस बारे में चार मई को बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कलाकारों का चयन होगा। इस दौरान विधायक किशोरीलाल सागर, भाजपा मंडलाध्यक्ष अमर ठाकुर, तहसीलदार प्रदीप कंवर, बीडीसी अध्यक्ष अंजना भारती, बीडीओ विद्या ठाकुर, भाजपा महामंत्री दुनीचंद, डीएसपी रोहित मृगपुरी, एक्सईन रविंद्र, एसडीओ प्रकाश भारद्वाज, अड्डा प्रभारी ओमप्रकाश, एसडीओ एनएच सुनील गुप्ता, जेई धन सिंह शर्मा, गंगाराम चंदेल, ताबेराम, स्वतंत्र कुमार, विनोद ठाकुर, जीवन ठाकुर, वेद ठाकुर, नवल ठाकुर, लोकेंद्र कुमार, संदीपना, गोयला आजाद, उत्तम ठाकुर, प्रधानाचार्य अमर चौहान, मनोज कुमार, देवी-देवताओं के कारदार आदि उपस्थित रहे।