48 घंटे के भीतर सड़क बहाल नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
रोहड़ू कांग्रेस ब्लॉक कार्यकारिणी ने सरकार को दी चेतावनी
कांग्रेस ने तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला ने कहा कि ठियोग-हाटकोटी सड़क कई दिनों से बंद पड़ी हुई है। सड़क को खोलने के लिए कोई भी उपयोगी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। रोहड़ू क्षेत्र के साथ प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। अस्पताल में चिकित्सक नहीं है। स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त है। एसडीएम रोहड़ू के कार्यालय को सप्ताह में दो दिनों के लिए जुब्बल स्थानांतरण किया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने तहसीलदार रोहड़ू के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
करतार सिंह कुल्ला ने बताया कि मुख्यमार्ग बंद होने से बागवानों का सेब फंस गया है। यात्रियों को रोहडू से शिमला वाया नारकंडा होते हुए जाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे के भीतर सड़क को बहाल नहीं किया गया तो कांग्रेस लोगों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल रोहड़ू में चिकित्सकों के अधिकांश पद खाली पड़े हैं। स्कूलों से शिक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। रोहड़ू क्षेत्र के स्कूलों में तीन सौ से अधिक शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ईश्वर दास छवारू, जिला उपाध्यक्ष दिनेश चौहान, भगत सिंह ठाकुर, शक्ति सिंह मच्छान, जोगिंद्र सिंह जोगी, सुरेंद्र जिंटा, सुशील चौहान, रवि रावत, बलराज, हैप्पी मेहता, रंजीत घेदटा और नरेश मुल्टा मौजूद रहे।