अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। प्रशासन ने रोहड़ू में अब शहरों की तर्ज पर नई यातायात व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। एसडीएम रोहड़ू की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस और प्रशासन ने मिलकर नई यातायात व्यवस्था का मास्टर प्लान तैयार किया है। नई यातायात योजना 16 जून से शुरू होगी।
अब लोग बाजार में यहां वहां अपने वाहनों को खड़ा नहीं कर सकेंगे। रोहड़ू बाजार में सड़क के किनारे पार्किंग के लिए 14 स्थान चयनित किए जाएंगे। चालक को वाहन पार्किंग में खड़ा करने के लिए 20 रुपये प्रति घंटा देना है। हालांकि नई ट्रैफिक व्यवस्था के आरंभ में पार्किंग फीस नहीं ली जाएगी। कुछ समय बाद सभी चयनित पार्किंग स्थलों की नीलामी होगी। इसके बाद पार्किंग की फीस वसूली जाएगी। इस दौरान नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष राधे श्याम, एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र नायक, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश भ्रांटा भी उपस्थित रहे।
सुबह डेढ़ घंटे, शाम को चार घंटे आवाजाही बंद
रोहडू के अपर बाजार और रोहड़ू चौक से न्यू बस स्टैंड सड़क तक सुबह, शाम वाहनों की आवाजाही बंद होगी। सुबह साढ़े आठ बजे से दस बजे तक तथा दोपहर बाद चार बजे से आठ बजे तक वाहन नहीं चलेंगे। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी के लिए 24 घंटे दोनों सड़कें खुली रहेंगी। रोहड़ू के मुख्य बाजार में ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए फिक्स डिवाइडर लगाए जाएंगे। यह डिवाइडर लोक निर्माण विभाग के सौजन्य से पुलिस विभाग लगाएगा।
पार्किंग व्यवस्था न होने से बनाई नई योजना
एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा, डीएसपी रोहड़ू अनिल शर्मा ने बताया कि बाजार में तीन हजार से अधिक वाहन नियमित चलते हैं। इनके लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से आए दिन जाम लगता है। पुलिस प्रतिदिन वाहनों के चालान करती है। बावजूद इसके ट्रैफिक व्यवस्था समस्या नियंत्रित नहीं हो रही। इसलिए नई यातायात योजना बनाई गई है।