आधा दर्जन रूट दूसरे दिन भी बंद
किन्नौर में तीसरे दिन रहा बर्फबारी का सिलसिला जारी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)।
जिला किन्नौर में सोमवार रात से जारी बर्फबारी तीसरे दिन भी रुक-रुक कर जारी रही। इससे किन्नौर जिले में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। जिले की ऊंची चोटियों पर बुधवार को भी रुक-रुक कर हिमपात होता रहा, जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर चलता रहा। बर्फबारी के बाद तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी के चलते जिले के आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण रूट बाधित हैं। कई रूटों पर आधे रास्ते तक ही बसों को भेजा गया। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में पांच से 20 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है।
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के सामने किन्नर कैलाश और जौर खंडन, छितकुल की थौला, नाको के रियोपुरगिल, भावावैली और निचार की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। कल्पा का अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला का अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला मुख्यालय रिकांगपिओं से शिमला और काजा की तरफ पथ परिवहन निगम की बसों की बराबर आवाजाही रही। पथ परिवहन निगम रिकांगपिओ के आरएम प्रेम कश्यप ने कहा कि भारी बर्फबारी और फिसलन के चलते जिले के कुछ रूटों पर आधे तक बस भेजी जा रही है।