चिड़गांव और नप रोहड़ू की टीमें
छौहारा और रोहड़ू जोन की टी-20 क्रिकेट स्पर्धा संपन्न
रोहड़ू। हिमाचल प्रदेश खेल सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ के तत्वाधान में छौहारा और रोहड़ू जोन की टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। दोनों जोन की प्रतियोगिता में चिड़गांव और नगर परिषद रोहड़ू की टीमें विजेता रही हैं। प्रतियोगिता का जिला स्तरीय फाइनल मुकाबला छह नवंबर को रोहड़ू में होगा। छौहारा जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बंफड और चिड़गांव के मध्य खेला गया। इसमें चिड़गांव की टीम 60 रन से विजयी रही। टिक्करी के राज को मैन ऑफ दी टूर्नामेंट के पुरस्कार से नवाजा गया। चिड़गांव के वीरेंद्र चौहान को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ दा मैच पुरस्कार दिया गया। धर्मेंद्र ठाकुर को बेस्ट बॉलर, राजेश भंडारी को बेस्ट ऑल रांउडर, अवतार शर्मा को बेस्ट विकेट कीपर और चिड़गांव के प्रताप राणा को बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से नवाजा गया। समापन समारोह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रोहड़ू अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, छौहारा जोन के महासचिव कुलदीप बिजरूवाण, उपाध्यक्ष प्रवीण चौहान, व्यापार मंडल चिड़गांव के प्रधान टीटू शंगार और बंफड पंचायत के पूर्व प्रधान सुभाष रयाण विशेष तौर मौजूद रहे।
रोहड़ू जोन की प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को नगर परिषद रोहडू व करासा की टीम के मध्य खेला गया जिसमें नगर परिषद रोहडू की टीम विजयी रही। इस मौके पर रोहडू जोन के अध्यक्ष कुलदीप चौहान, महासचिव विक्रम सेन नेगी, सदस्य रवि रावत, सुशील चौहान, रविंद्र सिंह ठाकुर, वीरेंद्र नेगी, अनिल ठाकुर व बलराज टैचु मौजूद रहे।
खेल सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संघ रोहडू जोन के कोषाध्यक्ष सुजय अग्रवाल ने बताया है कि फाइनल मुकाबला आगामी छह नवंबर को इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम समाला रोहडू में खेला जाएगा। इसमें संघ के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह शिरकत करेंगे। फाइनल में राज्यपाल आचार्य देवब्रत और पूर्व मुख्यमंत्री विधायक वीरभद्र सिंह मौजूद रहेंगे।