मेला लगा ढालपुर मैदाना... पर झूमे लोग
जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले की पहली संध्या में कलाकारों ने मचाया धमाल
देवता और देवलू वाद्य यंत्रों की थाप पर नाचते हुए पहुंचे दरबार
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। चार दिवसीय जिला स्तरीय सराहन दशहरा मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने लोगों को खूब नचाया। देर रात तक लोग झूमते रहे।
सराहन मां भीमाकाली मंदिर में आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ व्यापार मंडल रामपुर के अध्यक्ष हरीश गुप्ता ने किया। क्षेत्र के मशहूर कलाकार बीरबल मुसाफिर और तांतरा ग्रुप ने दर्शकों को अपने गानों पर खूब नचाया। बीरबल मुसाफिर ने मेला लगा ढालपुर मैदाना... और हाए हाए बांठना मेला लगा... गीतों पर लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर धमाल मचाया।
कुल्लू से आए सांस्कृतिक दल ने भी अपने लोक नृत्य से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहन और प्राथमिक स्कूल सराहन के छात्रों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां पेशकर खूब समा बांधा।
मेेले के तीसरे दिन देवता और देवलू बाजार से वाद्य यंत्रों की थाप पर नाचते हुए मेला मैदान पहुंचे। लोग दिनभर देवता संग ढोल की थाप पर झूमते रहे। मेले में आए देवताओं ने भीमाकाली मंदिर से निकलकर राजा के दरबार तक पहुंचे। सभी देवताओं के मंचखंडी और दरबार में बैठने के बाद देवलुओं ने दरबार ग्राउंड में नाटी डाली। क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी पारंपरिक वेषभूषा में मेले का जमकर लुत्फ उठाया।
हालांकि रविवार को दिन होने के कारण मेले में खूब भीड़ होने की उम्मीद थी, लेकिन बीते वर्षों की अपेक्षा इस बार कम भीड़ देखने को मिली। मेले में कम भीड़ होने से व्यापारी मायूस दिखे।
इस अवसर पर मंदिर अधिकारी बालक राम नेगी, सराहन व्यापार मंडल प्रधान शेर सिंह सोनी, भूपेश शांटी, विनोद खौश, देविंद्र, अनिल नेगी, राहुल सोनी और सतीश बुशैहरी मौजूद रहे।