दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए...
झाकड़ी में जवानों की शहादत को किया याद
शहीद स्मारक पर पुष्प अर्जित कर दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। सीआईएसएफ झाकड़ी ने रविवार को पुलिस स्मृति स्मारक दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान केंद्रीय पुलिस संगठनों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों में सेवारत पुलिस जवानों की शहादत को याद किया गया।
1959 में चीनी सैनिकों द्वारा लद्दाख में हॉट स्प्रिंग में मारे गए पुलिस जवानों की याद में हर साल 21 अक्तूबर को पुलिस स्मारक दिवस मनाया जाता है। 1947 से अभी तक 38844 पुलिस जवान शहीद हो चुके हैं, जिनमें से 424 पुलिस जवानों ने इसी वर्ष शहादत दी है।
कई बहादुर जवानों ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और छतीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में वाम चरमपंथ क्षेत्रों में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी शहादत दी हैं। शहीदों व उनके परिवारों को नमन करते हुए व उनके शौर्य व सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए एसजेवीएनएल झाकड़ी में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इकाई प्रभारी दीपक सिंह ठाकुर, उप कमांडेंट व अन्य अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्जित कर शहीद हुए जवानों के बलिदान को याद किया। देश में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए कुर्बानी देने वाले अर्द्धसैनिक व पुलिस के जवानों के साहस की सराहना की।
वहीं इससे पूर्व शनिवार को इकाई परिसर में शहीदों की याद में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 2009 में झारखंड में नक्सली हमले में शहीद हुए इस इकाई के शहीद कांस्टेबल जीडी हरपाल सिंह को याद करते हुए जवानों ने जब देशभक्ति का गीत दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए... गाया तो संपूर्ण वातावरण देश प्रेम से सराबोर हो गया।
उप कमांडेंट ठाकुर ने कहा कि शहीदों के घर जाकर हम उसके परिजनों से संवेदना प्रकट कर दुख की घड़ी में उनके साथ होने का एहसास दिलाकर ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।