वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ रहने के टिप्स
निरमंड में हिम आंचल पेंशनर्स यूनियन का सम्मेलन संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। हिम आंचल पेंशनर्स यूनियन का जिलास्तरीय सम्मेलन निरमंड डे केअर सेंटर में आयोजित हुआ। सम्मेलन में डॉ. रमेश शर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। कार्यक्रम के संचालक एवं निरमंड यूनियन के प्रधान केएन भारद्वाज ने बताया कि इस सम्मेलन में मनाली, नग्गर, कुल्लू, बंजार, आनी और निरमंड खंड के सदस्य शामिल हुए। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर चर्चा की।
बंजार खंड के प्रधान सेसराम ने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान होना चाहिए। सभी अस्पताल, सरकारी कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। मुख्यातिथि जिला कुल्लू यूनियन के प्रधान प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि हिम आंचल पेंशनर्ज यूनियन हर सेवानिवृत्त सदस्यों की समस्याओं को क्रमबद्ध तरीके से पूरा करेंगे और प्रदेश सरकार से भी बात की जाएगी। देवराज कश्यप ने बताया कि हिम आंचल संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी। निरमंड खंड में जो भी सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें जोड़ा जाएगा। इस सम्मेलन में जिला कुल्लू बंजार से आए प्रधानों, सचिवों, यूनियन के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस मौके पर जिला कुल्लू यूनियन के प्रधान प्रताप सिंह चौहान, उपप्रधान केएन शर्मा, निरमंड प्रधान कृष्णानंद भारद्वाज, सेसराम, देवराज कश्यप, श्याम दीवाना, मूलराज, लता ठाकुर, पुणे राम, केएन शास्त्री और योगराज अन्य सदस्य मौजूद रहे।