भूस्खलन से कई संपर्क मार्गों पर थमे पहिये
बारिश के कारण रास्तों को बहाल करने में आ रही परेशानी
नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग भी कई जगहों पर बंद
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल (रोहड़ू)। चार दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग जगह-जगह बंद हो गया है। वहीं उपमंडल की करीब दो दर्जन सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे आवाजाही मेें लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार सड़कों की बहाली को लेकर प्रयास जारी हैं।
जिनमें चौपाल-ठुंडना, चौपाल-झोकड, चौपाल-देवत, चौपाल-माटल, चौपाल-झीना, चौपाल-थुंदल, चौपाल-झिकनीपुल-बमटा, नेरवा-कयारनु- रानवी, खादर, कुपवी-धोताली, कुपवी-मंझोली, कुपवी-कांडा-बनाह और कुपवी-मशौत आदि सड़कें शामिल हैं। हालांकि विभाग के कर्मचारी मुख्य मार्ग सहित अवरुद्ध संपर्क सड़कों को खोलने के लिए लगातार प्रयासरत है। सड़कों के बंद होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग चौपाल उपमंडल के सहायक अभियंता जेआर ठाकुर और नेरवा उपमंडल के सहायक अभियंता योगेश शर्मा के अनुसार लगातार हो रही वर्षा के कारण बंद पड़ी सड़कों को खोलने में मुश्किल हो रही है। मुख्य मार्ग को खुला रखने के लिए विभाग लगातार कोशिश कर रहा है। बारिश के कारण रास्तों को बहाल किए जाने में दिक्कतें आ रही हैं। मौसम साफ होते ही सभी अवरुद्ध बंद सड़कों को भी जल्द बहाल कर दिया जाएगा।