रामपुर बार एसोसिएशन हड़ताल पर
पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरे अधिवक्ता
वकील और पुलिस के बीच हुई झड़प का वीडियो वायरल होने पर रोष
माफी न मांगने तक जारी रहेगा कोर्ट का बहिष्कार : बार एसोसिएशन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बार एसोसिएशन के सदस्यों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता संघ ने कोर्ट का बहिष्कार करते हुए पुलिस प्रशासन से माफी मांगने को कहा है। बार एसोसिएशन ने चेताया है कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती तब तक कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा। डीएसपी कार्यालय के बाहर एसोसिएशन के सदस्यों ने डीएसपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
बार एसोसिएशन रामपुर के अनुसार बीते मंगलवार को एक वरिष्ठ अधिवक्ता कुछ सामान लेने गया और उसका बेटा जो पेशे से वकील ही है गाड़ी में बैठकर उनका इंतजार कर रहा था। नेशनल हाइवे के किनारे वाहन रोकने पर यहां तैनात एएसआई ने वाहन को यहां से ले जाने को कहा तो वाहन में बैठे वकील ने एएसआई से सहयोग की अपील की, लेकिन पुलिस कर्मचारी ने उनकी बात को अनदेखा करते हुए पार्किंग को लेकर बहस शुरू कर दी। मामला गर्माया और मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता भी पहुंचे और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो अपलोड हो गई, जिसमें लोगों ने तरह-तरह के कमेंट किए। हालांकि मंगलवार को ही दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन वायरल हो रहे वीडियो को लेकर बार एसोसिएशन ने रोष जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
बार एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष जेआर रोष्टा, उपाध्यक्ष महेश ठाकुर, सचिव पंकज नेगी, बार काउंसिल के सदस्य उमेश बाली, वाईआर देष्टा, बीएस ठाकुर, मदन लाल वर्मा सहित अन्य अधिवक्ताओं के अनुसार शहर में पुलिस की ओर से स्वयं ट्रैफिक नियमों को तोड़ा जा रहा है। अधिवक्ता के साथ हुई झड़प को सोशल मीडिया पर डालकर वरिष्ठ अधिवक्ता की छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेताया कि जब तक पुलिस प्रशासन माफी नहीं मांगता तब तक रामपुर बार एसोसिएशन कोर्ट का बहिष्कार करेगी। बार एसोसिएशन ने इस मामले को प्रदेश स्तर पर भी उठाने की धमकी दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा के अनुसार पुलिस कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करना और कानून को अपने हाथ में लेना न्यायसंगत नहीं है। पुलिस ने न ही कोई वीडियो बनाई है और न ही उसे वायरल किया है। पुलिस अपना काम कर रही है। मौके पर मौजूद वकील नियमों की अवहेलना कर रहा था।