रिकांगपिओ(किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कल्पा ब्लॉक के रिकांगपिओ में क्रमिक अनशन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किन्नौर कांग्रेस ने चेताया है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं होता तो किन्नौर जिले के हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और सचिवालय का घेराव करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बीती 20 जुलाई से चल रहे इस क्रमिक अनशन में हर दिन ब्लॉक स्तर पर हरेक ब्लॉक और गांव से कांग्रेस कार्यकर्ता अनशन स्थल पर पहुंच रहे हैं और क्रमिक अनशन पर बैठ रहे हैं। कांग्रेस कमेटी जिला किन्नौर के अध्यक्ष उमेश नेगी और विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार की आंखें जिला किन्नौर के विकास के लिए नहीं खुलती, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा और यदि इस अनशन को प्रदेश सरकार दरकिनार करती है, तो जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर के हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और सचिवालय का घेराव करेंगे। किन्नौर कांग्रेस जिले में नौतोड़ भूमि देने, विभिन्न विभागों की अव्यवस्थाओं को दूर करने और विधायक के स्थान पर उपायुक्त को परियोजना सलाहकार समिति का अध्यक्ष बनाने जैसे कई मुद्दों को लेकर क्रमिक अनशन कर रही है। वहीं जिले के पूह और निचार खंड में भी कांग्रेस कार्यकर्ता क्रमिक अनशन पर बैठे रहे।
तीसरे दिन के क्रमिक अनशन में कल्पा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम नेगी, कृषि एवं ग्रामीण बैंक निदेशक ठाकुर कृष्ण, सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, पंचायत समिति उपाध्यक्ष सुनैना देवी, जयवंत कुमार, विद्या देव, भूपेंद्र, दुशयंत, मोहित, अमित चंद, राकेश कुमार, प्यारे लाल, मुकेश कुमार, उमेश नेगी, शिव लाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।