वालीबॉल में थरोच ने बाजी मारी
केदी स्कूल में छात्राओं की खेल प्रतियोगिता संपन्न
विधायक बलबीर वर्मा ने विजेताओं में बांटे इनाम
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल केदी में जोन स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की प्रतियोगिता में वालीबॉल में थरोच और कबड्डी में पबान स्कूल ने जीत हासिल की है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक बलबीर वर्मा ने विजेताओं को इनाम बांटे। जोन स्तरीय प्रतियोगिता में 30 स्कूलों की 440 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस दौरान वरिष्ठ वर्ग में वॉलीबाल में सीसे स्कूल नेरवा दूसरे स्थान पर रहा। कबड्डी में मनेवटी स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में शामठा स्कूल ने हलाऊ स्कूल को हरा की जीत हासिल की है। बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भराणू प्रथम और थरोच स्कूल दूसरे स्थान पर रहा है। भाषण प्रतियोगिता में शामठा स्कूल, सोलो फोक डांस में केदी स्कूल, एकांकी में केदी स्कूल, समूह गान में हिमाद्रि पब्लिक स्कूल नेरवा और सोलो क्लासिक डांस में नेरवा स्कूल ने बाजी मारी। इसी प्रकार कनिष्ठ वर्ग के मुकाबलों में वालीबॉल में गयाँह स्कूल विजेता और एसडी पब्लिक स्कूल नेरवा उपविजेता रहा। जूनियर कबड्डी में शिल्ला स्कूल प्रथम और जाखू पब्लिक स्कूल नेरवा दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो में बान्दुर स्कूल विजेता एवं एसडी पब्लिक स्कूल नेरवा उपविजेता रहा है। बैडमिंटन के फाइनल में जाखू पब्लिक स्कूल नेरवा विजेता रहा है।
प्रतियोगिता के समापन पर विधायक ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। ऐच्छिक निधि से आयोजकों को 21 हजार रुपये, नेरवा स्कूल की सांस्कृतिक टीम को छह हजार रुपये, केदी स्कूल की सांस्कृतिक टीम को पांच हजार रुपये व जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों की कोचिंग के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत केदी के प्रधान तपेंद्र नेगी, उप प्रधान जगदीश शर्मा, उच्च शिक्षा संभाग के पीटीए अध्यक्ष सूरत शर्मा, प्राथमिक शिक्षा सम्बाघ के एसएमसी अध्यक्ष सुरेश शर्मा, वरिष्ठ नागरिक परमानंद तेगटा, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा के प्रधानाचार्य केवल राम चौहान, एसएचओ नेरवा कुलवंत कंवर और सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग शालू उपमंडल योगेश शर्मा आदि मौजूद रहे।