बिना बजट की मंजूरी काम न करें शुरू
रामपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में बोलीं एडीसी शिमला
अधिकारी ने विकास खंड में चल रहे कार्यों का लिया ब्यौरा
पंचायत प्रतिनिधियों को कार्यों में पारदर्शिता लाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। एडीसी शिमला देवाश्वेता बनिक ने कहा कि बिना बजट की स्वीकृति से कोई भी काम आरंभ न किया जाए और पंचायती रिकॉर्ड में पारदर्शिता रखी जाए। एडीसी बुधवार को रामपुर के पंचायत समिति हॉल में विकास खंड में चल रहे विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक मेें बोल रही थीं। उक्त बैठक में 31 पंचायतों के प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला परिषद सदस्य और पंचायत सचिवों ने भाग लिया।
बैठक में 14वें वित्तायोग के कार्यों पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। पंचायतों में कितनी योजनाएं चलीं और कितना धन स्वीकृत हुआ है और कितना खर्च किया गया इन सब के बारे में एडीसी ने विस्तृत जानकारी ली। जो कार्य शुरु नहीं किए गए उस पर पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायत सचिवों से एडीसी ने जानकारी मांगी। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्लास्टिक वेस्ट को निपटाने के लिए पंचायतों को शेल्फ में डालने का सुझाव दिया। इस दौरान एडीसी ने पंचायतों और खंड विकास अधिकारी के बीच आपसी तालमेल बनाकर कार्यों में पारदर्शिता रखने की बात कही। उन्होंने पंचायतों की सही सूचना सही समय पर बीडीओ तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर डीपीओ विजय ब्रागटा, बीडीओ केआर कपूर, बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, प्रधान परिषद प्रधान वीरेंद्र भलूनी, जिला परिषद के सदस्य विकेश चौहान, झाकड़ी दलीप कायथ और नरैण रामदासी सहित अन्य मौजूद रहे।