रामपुर/ज्यूरी।रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में प्लस पोलियो अभियान के तहत 5930 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा था। लेकिन इस अभियान के तहत रविवार को 6031 को खुराक पिलाई गई है। डॉ. राकेश ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में पोलियो मुक्त अभियान पूरी तरह से कामयाब रहा है। इस अभियान के लिए प्लस पोलियो के 62 बूथों में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को दवाई पिलाई गई है। इस अभियान के लिए दो मोबाइल टीमें और दो ट्रांजिट कैंप बनाए गए थे।
मोबाइल कैंप चौरा और भैरा खड्ड में और ट्रांजिट कैंप चौरा और सुंगरी में बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि जो बच्चे खुराक पिलाने से रह गए हैं, उन्हें सोमवार से घर-घर जाकर पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी। उधर, ज्यूरी क्षेत्र में 1350 बच्चों को पोलियो की खराब पिलाई गई। पीएचसी ज्यूरी के तहत आने वाले ज्यूरी, बधाल, झाकड़ी, सनारस और मझेवली में सुबह से ही लोग छोटे-छोटे बच्चों को पोलियो दवाई पिलाने के लिए पहुंच गए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मोबाइल वैन से भी प्रवासी मजदूरों के बच्चों को पोलियो दवाई पिलाई। ज्यूरी पीएचसी के डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि ज्यूरी पीएचसी के तहत आने वाली सभी पंचायतों में 1350 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।