नेरवा (रोहड़ू)। कुपवी-रोनहाट-धार चांदना मार्ग पर परिवहन निगम की बस आधा सफर तय कर रही है। निगम की बस सेवा डाक शिराड़ तक नहीं जा रही है। इससे आधा दर्जन गांव के लोग बस सुविधा से वंचित हो गए हैं। बस सेवा से महरूम होने पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है।
परिवहन निगम की बस सेवा कुपवी वाया रोनहाट व धार चांदना होते हुए डाक शिराड़ गांव तक जाती थी। लेकिन बीते कुछ समय से बस आधा ही सफर तय कर रही है। इससे शिराड़, डालोड़ी, धार, बेठाडी व टिक्करी गांव के लोग प्रभावित हो रहे हैं। परिवहन निगम बस को बाबत गांव तक भेज रहा है। इससे सैकड़ों लोगों को मजबूरन टैक्सियों व निजी वाहनों में महंगा सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी केदार शर्मा, संत राम शर्मा, देइ राम शर्मा, राजू, कली राम, ज्ञान सिंह, मोहन लाल, हरी दत्त, सीता राम, वीणी राम, शिबू राम, भोपिंद्र ने परिवहन निगम प्रबंधन से मांग की है कि इस बस को डाक शिराड़ गांव तक चलाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बस सेवा का लाभ मिल सके। उधर, परिवहन निगम नेरवा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि निगम की जो नई बसें आई हैं, उनकी चौड़ाई पुरानी बसों के मुकाबले थोड़ी अधिक है। बाबत गांव से आगे डाक शिराड़ तक करीब तीन जगह सड़क तंग है। इससे बसें आगे नहीं जा पा रही हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग को इस विषय में अवगत करवा दिया गया है। सड़क की चौड़ाई ठीक होने पर बस को फिर से डाक शिराड़ तक भेजा जाएगा।