मतदान की मिलेगी पल-पल की जानकारी
चुनाव के लिए 34 बूथ किए हाईटेक, 10 बूथों की होगी वीडियोग्राफी
49 पोलिंग बूथ में 70 हजार वोटर करेंगे मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
विधानसभा क्षेत्र रामपुर के कुल 149 पोलिंग बूथों में करीब 70621 मतदाता वीरवार को मतदान करेंगे। इनमें 36,500 पुरुष और 34121 महिला वोटर हैं, जो प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। क्षेत्र में 34 बूथों में हाईटेक निगरानी रहेगी। यह पहली बार होगा जब निर्वाचन अधिकारी विधानसभा चुनाव में हाईटेक प्रणाली का इस्तेमाल किया है। इन 34 बूथों की पल-पल की खबर निर्वाचन अधिकारी निपुण जिंदल के कार्यालय में लाइव मिलेगी। 10 बूथों की वीडियोग्राफी, नौ बूथों की फोटोग्राफी की जाएगी।
रामपुर के निर्वाचन अधिकारी निपुण जिंदल ने कहा कि हर पोलिंग बूथ के बाहर एक सहायता डेस्क रखा जाएगा, जिसमें उस पोलिंग बूथ के मतदाताओं की पूरी जानकारी मौजूद रहेगी। अगर कोई व्यक्ति बिना पहचान पत्र वोट डालने के लिए आता है तो मतदाता सूची में उसकी फोटो पहचान देखने के बाद उसे मतदान करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मकसद यह है कि कोई भी व्यक्ति बिना वोट से पोलिंग बूथ से वापस न जाए। दिव्यांग व्यक्ति को पोलिंग बूथ तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 149 पोलिंग स्टेशन है, जिनमें पांच संवेदनशील हैं। इनमें जूनी, जाहू, ननखड़ी, रचोली और गोपालपुर शामिल हैं। ननखड़ी नें दो अति संवेदनशील बूथ घोषित किए हैं। अति सवेंदनशील बूथ पर सात पुलिस कर्मियों की तैनाती की है। संवेदनशील बूथ पर पांच पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। निर्वाचन अधिकारी के दिशा-निर्देशों से छोटे बच्चों के साथ पोलिंग बूथ तक आनी वाली महिलाओं के लिए क्रच की सुविधा भी रखी गई है। यानी जब तक महिला अपना वोट देने में व्यस्त रहेगी उसका बच्चा क्रच में रहेगा। इस पहल को फिलहाल मुख्य रामपुर में ही शुरू किया गया है। रामपुर के एसडीएम और निर्वाचन अधिकारी निपुण जिंदल ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 34 पोलिंग बूथ को लाइव एसडीएम कार्यालय से जोड़ा है। पोलिंग बूथ में हर सुविधा को ध्यान में रखा गया है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए कड़ी सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी हैं।