दिल्ली में हुई बैठक में कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल के छह प्रमुख नेताओं कुलदीप राठौर, रोहित ठाकुर, आशीष बुटेल, विनय कुमार, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी से अलग-अलग मुलाकात कर फीडबैक लिया। नेताओं से पूछा गया कि यदि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाए, तो उनका विजन क्या होगा, संगठन को मजबूत करने के लिए कौन से कदम उठाएंगे और विपक्ष से कैसे निपटेंगे। बैठक में प्रदेश के जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह आकलन किया गया कि कौन सा चेहरा संगठन में संतुलन ला सकता है। राहुल गांधी और खरगे ने भाजपा की नियुक्ति नीति और प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल को लेकर भी नेताओं से राय जानी। हाईकमान ने यह भी समझा कि नेताओं ने अब तक संगठन में कौन-कौन सी जिम्मेदारियां संभाली हैं और अगर किसी अन्य को अध्यक्ष बनाया जाता है तो उनका सहयोग कैसा रहेगा। बैठक के दौरान हाईकमान ने यह भी स्पष्ट किया गया कि नया अध्यक्ष वही बनेगा जो सभी गुटों को साथ लेकर चल सके और संगठन में नई ऊर्जा ला सके।
सूत्र बताते हैं कि हिमाचल कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा अगले सप्ताह के भीतर हो सकती है। पार्टी की राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी बीते एक साल से भंग है। इससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ा हुआ था। अब हाईकमान चाहता है कि पंचायत और निकाय चुनावों से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया जाए।