घूमते स्टील डिस्क से तेल को करेगी अलग
फिलहाल समुद्री तेल रिसाव की सफाई के लिए श्रमिकों की मदद लेने, रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल करने और तेल जलाने जैसे तरीके अपनाए जाते हैं। इनकी अपनी सीमाएं हैं। रासायनिक पदार्थ समुद्री जीवों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जबकि सूक्ष्मजीवों के जरिये तेल हटाने की प्रक्रिया काफी धीमी होती है। ऐसे में यह रोबोटिक बोट पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना तेल की सफाई का विकल्प बन सकती है। बोट के अगले हिस्से में विशेष स्टील के घूमने वाले डिस्क लगाए गए हैं। ये पानी की सतह पर मौजूद तेल को अपनी सतह पर चिपका लेते हैं। इसके बाद स्क्रेपर की मदद से तेल को खुरचकर संग्रह टैंक में पहुंचाया जाता है। इस प्रक्रिया में तेल और पानी अलग हो जाते हैं। एकत्रित तेल का उपचार कर दोबारा उपयोग भी किया जा सकता है।
एआई और सौर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी
बोट में दो इलेक्ट्रिक थ्रस्टर, वायरलेस नियंत्रण और ईएसपी-32 आधारित प्रणाली लगाई है। अल्ट्रासोनिक सेंसर टैंक में जमा तेल का स्तर मापता है और टैंक भरने पर संकेत देता है। एक से डेढ़ फीट का यह प्रोटोटाइप करीब पांच हजार रुपये में तैयार किया गया है। वहीं, पांच से छह फीट की बड़ी बोट विकसित करने पर डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना के अगले चरण में बोट को कैमरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जोड़ने की योजना है। इससे पानी की सतह पर तेल की पहचान कर बोट को उसकी दिशा में ले जाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित कर इसकी संचालन क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।
विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के संस्थान के प्रयास लगातार जारी हैं। उद्योगों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी ऐसे तकनीकी नवाचार की अहम भूमिका है।-डॉ. एचएम सूर्यवंशी, निदेशक, एनआईटी हमीरपुर