मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कहना है कि कांग्रेस सरकार ने चुनावी वादों से आगे बढ़कर काम किया है। छह गारंटियां पूरी कर दी हैं। शेष को भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा। पात्र लोगों को चिह्नित कर सरकार तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देगी। बिजली की दरें भी कम होंगी। पहले चरण में जनजातीय व दूरदराज के क्षेत्रों में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना लागू कर दी गई है। अन्य पात्र महिलाओं को भी बजट की उपलब्धता के साथ तीन चरणों में 15-15 सौ रुपये दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री ने शिमला में अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा कि 300 यूनिट बिजली मुफ्त किसे मिलनी चाहिए, उन्हें चिह्नित करने की जरूरत है। उनकी अपील पर प्रदेश के 30 हजार लोगों ने बिजली सब्सिडी छोड़ी है।