शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन
शिमला में कांग्रेस ने बुधवार को ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड अखबार और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड से जुडे मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के बाद कांग्रेस नेताओं में रोष है। कांग्रेस के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत सभी मंत्रियों, कांग्रेस नेता और शिमला नगर निगम के पार्टी के सभी पार्षदों को उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा विरोध करने वालों पर ईडी की रेड करवा रही है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रवर्तन निदेशालय की कार्ययप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एजेंसी केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को बेवजह तंग करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राहुल गांधी की सक्रियता से घबरा कर इस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेता संसद में जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं। केन्द्र सरकार राजनीतिक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ईडी का दुरूपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि देश को बनाने व संवारने में गांधी परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। राहुल गांधी हमेशा आमजन की लड़ाई लड़ते हैं। केंद्र सरकार के इस तरह के प्रयास उन्हें रोक नहीं सकते।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय केंद्र सरकार के इशारों पर काम कर रहा है। कांग्रेस पार्टी की आवाज दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चार्जशीट दायर करने की निंदा करते हुए कहा कि नेतागण को परेशान कर सच्चाई को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर यह लड़ाई लड़ेंगे। वहीं, विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने भी कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट दायर करने की निंदा की।
क्या है नेशनल हेराल्ड से जुड़ा मामला?
देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने 20 नवंबर 1937 को एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड यानी एजेएल का गठन किया था। इसका उद्देश्य अलग-अलग भाषाओं में समाचार पत्रों को प्रकाशित करना था। तब एजेएल के अंतर्गत अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड, हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज समाचार पत्र प्रकाशित हुए। आगे की कहानी विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।
ये भी पढ़ें- National Herald Case: क्या है नेशनल हेराल्ड मामला? जिसमें सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ दायर हुई चार्जशीट