उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं में तेजी लाने का आग्रह किया। सांसद ने बताया कि मुलाकात के दौरान ऊना के बल्क ड्रग पार्क, नालागढ़ के मेडिकल डिवाइस पार्क, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, आईआईटी मंडी, ट्रिपल आईटी ऊना तथा केंद्रीय विद्यालयों सहित शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा कीरतपुर-नेरचौक, शिमला-मटौर, पठानकोट-मंडी और पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन परियोजनाओं के साथ-साथ भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी और चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजनाओं को शीघ्र आगे बढ़ाने को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन मिला है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बारिश, बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का मुद्दा भी प्रधानमंत्री के समक्ष उठाया गया। प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों और क्षेत्रों के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए पुनर्निर्माण तथा आधारभूत ढांचे की बहाली के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया। मुलाकात के दौरान सांसद ने अपनी स्व-रचित पुस्तक मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की।