डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में जूनियर छात्र से रैगिंग के मामले में प्रबंधन ने कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी द्वितीय वर्ष के नौ एमबीबीएस प्रशिक्षुओं को दो सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। तीन छात्रों पर 50-50 हजार और छह छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद कॉलेज प्रबंधन ने यह कार्रवाई की है। दिल्ली निवासी एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने सीनियर विद्यार्थियों के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार उसे और अन्य जूनियर छात्रों को भोटा चौक स्थित एक सीनियर के पीजी कमरे में बुलाया गया था। वहां उन्हें सीनियर से नजरें झुकाकर बात करने और मिलने पर डॉक्टर साहब कहकर नमस्ते करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा, उन्हें अपना परिचय देने के लिए एक प्रारूप भी दिया गया था।
रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में कड़ी कार्रवाई कर अन्य विद्यार्थियों को भी स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया गया है। सभी छात्रों को एंटी रैगिंग नियमों के प्रति जागरूक किया गया है। विद्यार्थी सजग रहें और न तो रैगिंग सहें और न ही ऐसा करने का प्रयास करें। -डॉ. रमेश भारती, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर