सरकाघाट (मंडी)। आपदा जोखिमों को कम करने के लिए बचत भवन सरकाघाट में दो से चार सितंबर तक तीन दिवसीय आपदा प्रबंधन और प्रतिक्रिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जंझैल, चौक ब्राड़ता, परसदा हवानी और चोलथरा के टास्क फोर्स युवा स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने के लिए लोगों को जागरूक और प्रशिक्षित करना आवश्यक है। प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर लोगों को संवेदनशील बनाने और आपदा के समय बचाव से जुड़ी तैयारियों को लेकर उन्हें शिक्षित करने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवा स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, भूकंप, भूस्खलन और अन्य आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने और सतर्क रहने के बारे में जागरूक किया जाएगा।