डैहर (मंडी)। सुंदरनगर उपमंडल की समकल पंचायत के युवक निखिल कौशल (24) की सर्बिया में समुद्र में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से निखिल के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।
समकल पंचायत निवासी निखिल कौशल पुत्र नंद लाल करीब डेढ़ वर्ष से सर्बिया में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता स्थानीय स्तर पर एक निजी दुकान में नौकरी करते हैं। विदेश से आए फोन कॉल के जरिये परिवार को हादसे की जानकारी मिली।
परिजनों के अनुसार निखिल बीते वीरवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपने साथियों के साथ समुद्र किनारे गए थे। सभी ने समुद्र में स्नान किया और बाहर आ गए। बताया गया कि कुछ देर बाद गर्मी महसूस होने पर निखिल दोबारा समुद्र में उतरे लेकिन उसके बाद बाहर नहीं निकले। साथियों ने निखिल को बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों ने मंडी के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) के माध्यम से विदेश मंत्रालय से पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि बेटे का अंतिम संस्कार अपने गांव में करना परिवार की अंतिम इच्छा है। ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान केसरी लाल चौहान, पूर्व प्रधान लोरमा देवी और लेखराज सहित अन्य ग्रामीणों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने की मांग की है।