रिवालसर (मंडी)। बल्ह विकास खंड की ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर की वार्ड हवाणी में एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार धनंजय उर्फ घनश्याम ठाकुर (23) पुत्र लेखराज ने मंगलवार रात गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया।
तबीयत खराब होने पर मां ने आस पड़ोस के लोगों को सूचना दी। इसके बाद लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस से युवक को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी लाया गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया है। युवक ने बुधवार सुबह सवा पांच बजे अंतिम सांस ली। युवक के पिता सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद पुन: ईएससी में तमिलनाडु में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिससे मृतक का दाह संस्कार वीरवार सुबह रिवालसर स्थित श्मशानघाट में किया गया।
हालांकि, युवक का छोटा भाई भी सेना में भर्ती के टेस्ट के सिलसिले में घर से बाहर है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, बल्ह थाना प्रभारी संजीव सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आईपीसी की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर के प्रधान संजय कुमार, उप प्रधान चेतराम, नगर पंचायत अध्यक्ष लाभ सिंह, उपाध्यक्ष महेंद्रपाल ने युवक की अचानक मौत पर दुख व्यक्त किया है।