जोगिंद्रनगर क्षेत्र में कीचड़ हटाने के प्रशासन के आदेश पर हरकत में आया विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के मरम्मत कार्य को शुरू कर दिया है। मंदिर रोड और एनएसी मार्केट में फैले कीचड़ को हटाने के लिए स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर विभाग सक्रिय हो गया है। रविवार को अवकाश और खराब मौसम के बावजूद एसडीएम मनीष चौधरी ने मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।
राज्य स्तरीय देवता मेले के शुभारंभ से पहले शहरी क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। सरकाघाट सड़क और मंदिर रोड पर ओएफसी केबल बिछाने के लिए उखाड़ी गई सड़क पर बारिश और पानी के रिसाव के कारण कीचड़ फैल गया था। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही, शहर के कारोबारियों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं।
बॉक्स
शहर में लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों के सुधार कार्य के लिए मशीनरी को मौके पर तैनात कर दिया गया है। बड़ी संख्या में मजदूर भी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। राज्य स्तरीय देवता मेले से पहले सड़कों की स्थिति सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। -जेपी नायक, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, डिविजन जोगिंद्रनगर।