मंडी। पठानकोट-मंडी फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत मंडी शहर को बाईपास करने के लिए बनाई जा रही टनलों का निर्माण कार्य रुक गया है। इस प्रोजेक्ट का कार्य कर रही गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी और उसकी सहयोगी कंपनी भारत कंस्ट्रक्शन इंडिया लिमिटेड ने एक स्थानीय ठेकेदार के खिलाफ एसपी मंडी को लिखित में शिकायत सौंपी है। निर्माण कार्य में अवैध तरीके से बाधा डालने और राजनीतिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ठेकेदार ने टनलों के बाहर अपनी मशीनरी खड़ी करके सारे काम को रोक दिया है। गावर कंस्ट्रक्शन ने टनलों के कार्य को कई स्थानीय ठेकेदारों को सबलेट कर रखा है, जिनमें कुछ सत्ताधारी और कुछ विपक्षी दलों से जुड़े लोग शामिल हैं। जमीन विवाद के साथ ठेकेदार ने सुरंग के कार्य को अपने पास देने की मांग कर दी, इससे विवाद गहराया जबकि कंपनी ने पहले से ही उसकी मशीनें कार्य में शामिल कर रखी हैं।
भारत कंस्ट्रक्शन इंडिया लिमिटेड के जनरल मैनेजर रमेश चंद रावत ने बताया कि तीन दिनों में कंपनी को दो करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। कंपनी के एचआर प्रमुख रोहित शर्मा ने बताया कि एसपी मंडी को मामले की लिखित शिकायत सौंप दी गई है। ठेकेदार पूरी तरह से गैरकानूनी तरीके से कार्य में बाधा डाल रहा है। अगर समय रहते कोई कार्रवाई नहीं होती है तो हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उधर, एनएचएआई मंडी इकाई के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। विवाद को शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए गए हैं।