धर्मपुर (मंडी) । राजकीय उच्च पाठशाला हुक्कल के भवन को नुकसान पहुंचने पर पुलिस ने निर्माता कंपनी के खिलाफ स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। धर्मपुर पुलिस को दी शिकायत में स्कूल के मुख्याध्यापक सुरेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्कूल एनएच-70 पर धर्मपुर-सरकाघाट के बिल्कुल साथ में है। इन दिनों एनएच की चौड़ाई का कार्य चला हुआ है। स्कूल के सरकारी भवन के पीछे कंपनी ने एक डंगा लगाया था जो बारिश से स्कूल भवन के ऊपर और दीवारों पर गिर गया है। इससे स्कूल को काफी नुकसान पहुंचा है। स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और अध्यापकों को भी जान-माल का खतरा हो गया है। उन्होंने बताया कि इस संंबंध में 16 जून को भी शिकायत पत्र उपरोक्त कंपनी के खिलाफ धर्मपुर थाने में दिया था। उन्होंने उपरोक्त कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और स्कूल को पहुंचे नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है। उधर, डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद बताया कि कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।