धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर मुख्यालय में 26 करोड़ की लागत से बनने वाले मिनी सचिवालय का कार्य फिर से शुरू हो गया है। इसका करीब 60 प्रतिशत कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। अब यह काम दिवाली तक पूरा होने की उम्मीद है। इस मिनी सचिवालय के बन जाने से किराये के भवन चले सभी कार्यालय यहां शिफ्ट हो जाएंगे। क्षेत्र के लोगों को एक छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी।
इस मिनी सचिवालय का कार्य पिछले डेढ़ वर्ष से बंद था और ठेकेदार भी अपनी लेबर व यहां लाई गई मशीनरी को वापिस ले गए थे क्योंकि उन्हें इस कार्य के बदले पैसा नहीं मिला था और उन्होंने कार्य को रोक दिया था। पिछले दिनों ठेकेदार को उसकी बकाया राशि का भुगतान लोनिवि ने कर दिया था और जल्दी कार्य शुरू करने के आदेश भी जारी किए थे। इस पर ठेकेदार ने अब कार्य शुरू कर दिया है। ठेकेदार ने यहां कार्य पूरा करने के लिए अपनी लेबर और सामग्री भेज दी है। इसी के साथ युद्धस्तर पर इसका कार्य भी शुरू कर दिया है।
इस बारे में लोनिवि मंडल धर्मपुर के अधिशाषी अभियंता विवेक शर्मा ने कहा कि इस मिनी सचिवालय का कार्य शुरू हो गया है। भवन के लिए बजट का प्रावधान न होने के कारण कार्य रुका था। अब इसके लिए मांग अनुसार बजट का प्रावधान हो गया है। दिवाली तक इसका कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।