जोगिंद्रनगर (मंडी)। लोकसभा चुनाव के दौरान जोगिंद्रनगर के खारसा मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी के रूप में केवल महिलाएं कर्मचारी ही तैनात होंगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिंद्रनगर मनीश चौधरी ने बताया कि गत लोकसभा चुनाव के दौरान खारसा मतदान केंद्र में महज 8.75 प्रतिशत मतदान हुआ था। यह पूरे विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम था। यहां महिलाओं की भागीदारी महज 7.48 प्रतिशत दर्ज हुई थी। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान खारसा बूथ को महिला बूथ बनाया जाएगा। यहां पर सभी मतदान कर्मी केवल महिलाएं ही तैनात होंगी।
बुधवार को ही 65 भटवाड़ा मतदान केंद्र में भी नायब तहसीलदार जोगिंद्रनगर प्रिंस धीमान की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। बीते आम लोकसभा चुनाव के दौरान भटवाड़ा मतदान केंद्र में कुल 58.58 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें महिलाओं की भागीदारी 75.86 प्रतिशत और पुरुषों की 41.45 प्रतिशत थी।
एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि एक अप्रैल, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा आगामी 4 मई तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इस दौरान नोडल अधिकारी स्वीप खजान ठाकुर, चुनाव सहायक मोहन सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट पर खिंचवाई फोटो
खारसा और भटवाड़ा में मतदाता जागरूकता शिविर के दौरान मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया। इस दौरान स्थानीय मतदाताओं ने सेल्फी प्वाइंट पर अपनी फोटो खिंचवाई और मताधिकार का इस्तेमाल करने का प्रण लिया।