जोगिंद्रनगर (मंडी)। सनातन धर्म सभा मंदिर, जोगिंद्रनगर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। कथा स्थल जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठा।
महिलाओं ने पीले वस्त्र पहनकर भाग लिया और माखन-मिश्री वितरित कर खुशी मनाई, जबकि बच्चों को खिलौने, टॉफियां और चॉकलेट बांटी गईं। इस अवसर पर बाल स्वरूप श्रीकृष्ण और वासुदेव के आगमन की झांकी प्रस्तुत की गई तथा श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की। कथा में श्रीकृष्ण-सुदामा मित्रता का भावपूर्ण वर्णन भी किया गया। भजन गायक डिंपल शर्मा ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी। कथावाचक आचार्य अतुल कृष्ण दास ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन जीने की आध्यात्मिक कला सिखाती है। मंदिर अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता ने बताया कि यह सात दिवसीय कथा कारोबारी विनोद बाबा की स्मृति में आयोजित की जा रही है।