सुंदरनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत भौर में शराब ठेके का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को महिलाएं ठेके के विरोध में एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में पहुंच गईं। गत 15 दिनों से यहां पर ठेके के विरोध में स्थानीय महिलाएं लामबंद हैं। महिलाओं ने शराब ठेके को यहां से शिफ्ट करने की मांग उठाई है।
इस सिलसिले में ग्राम पंचायत भौर पंचायत प्रधान विमला देवी की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने एसडीएम सुंदरनगर को ज्ञापन सौंपा। पंचायत प्रधान विमला देवी ने कहा कि विरोध करने के बावजूद लोगों की मांग को अनसुना किया जा रहा है। विभाग व प्रशासन को लोगों के विरोध के बारे में बताया गया है।
लिखित रूप से कई बार प्रशासन को इस बाबत अवगत कराया जा चुका है। प्रधान विमला देवी ने बताया कि इस क्षेत्र की बस्ती में ठेका खुलने से यहां का माहौल बिगड़ रहा है। जिससे बच्चों की मानसिकता पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने तुरंत वहां से शराब का ठेका हटाने की मांग उठाई है। उधर, एसडीएम सुंदरनगर राजीव कुमार ने लोगों को जल्द ही ठेके को यहां से शिफ्ट करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।