पीओ सैल ने अवैध शराब का धंधा करने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी है। ताजा मामले में टीम ने वीरवार देर शाम जंजैहली के समीप रैल चौक में एक जीप से अंग्रेजी, देसी शराब और बीयर की 2266 बोतलें बरामद करने मेें बड़ी कामयाबी हासिल की। जीप चालक छतरी निवासी जयकुमार के खिलाफ जंजैहली पुलिस चौकी में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अवैध शराब की खेप बरामद कर इसके सैंपल भर लिए हैं। एसपी प्रेम ठाकुर ने अवैध शराब की खेप पकड़ने की पुष्टि की है।
एसपी ने बताया कि जिला में शातिर अपराधियों को पकड़ने के लिए पीओ सैल की टीम निरंतर कार्रवाई कर रही है। आजकल जंजैहली घाटी में जिला स्तरीय कुथाह मेला मनाया जा रहा है। जहां अवैध शराब की ब्रिक्री की पुलिस को गुप्त सूचना मिली है। इसी को लेकर पुलिस विभाग ने जंजैहली में नाके के दौरान रैल चौक पर वीरवार देर शाम एक जीप नंबर एचपी 62 ए 2941 को जब तलाशी के लिए रोका तो उसमें अवैध रूप से रखी शराब की 2266 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस टीम ने जब जीप चालक से शराब का लाइसेंस मांगा तो वह कुछ नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते अवैध शराब की खेप को कब्जे में लिया। पीओ सैल की टीम में इंचार्ज अशोक कुमार, संजय, महेंद्र सैनी और सचिन शामिल थे।