मंडी के जोगिंद्रनगर में अपनी मांगों को लेकर गरजते संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय लोग।
संघर्ष समिति की दो टूक, पुरानी अलाइनमेंट को बहाल नहीं किया गया होंगे गंभीर परिणाम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जोगिंद्रनगर-पठानकोट से मंडी के बीच बनने वाले फोरलेन की घट्टा से नारला की अलाइनमेंट बदलने को लेकर सोमवार को लोगों ने फिर से गलू में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार को चेताया कि पुरानी असाइनमेंट को बहाल नहीं किया गया तो इसके परिणाम गंभीर भुगतने होंगे।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष बृज गोपाल अवस्थी ने कहा कि समिति ने एलान किया कि ऐसा होने पर संघर्ष को तेज किया जाएगा और समिति सभी पंचायतों का दौरा करेगी। 6 जून को चुनाव के बाद समिति मुख्यमंत्री से मिलेगी और अपनी समस्या से उन्हें अवगत करवाएगी। 9 जून को दोबारा जालपा माता के प्रांगण में एकत्रित होकर संघर्ष को आगे बढ़ाने की योजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वह मांग को लंबे समय से उठा रहे हैं। इस बीच वे सांसद प्रतिभा सिंह,प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी मिल चुके हैं। दिल्ली में भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में जाकर भी अपनी मांग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार ने इस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की है। समिति के वक्ताओं में अध्यक्ष वृजगोपाल, शरद सिंह ठाकुर सहित अन्य ने कहा कि वह सरकार से केवल इतनी मांग कर रहे हैं कि जब वर्ष 2018 में प्रदेश सरकार ने पुरानी अलाइनमेंट को मंजूरी दी थी, लेकिन अब जो तर्क अलाइनमेंट को चेंज करने के लिए दिए जा रहे हैं, उन पर समिति किसी भी प्लेटफॉर्म पर चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने सवाल उठाए कि जब पुरानी अलाइनमेंट पर 700 करोड़ व्यय हो रहे हैं तो नई पर 2300 करोड क्यों खर्च किए जा रहे हैं।