जोगिंद्रनगर उपमंडल में पेयजल किल्लत के चलते क्षतिग्रस्त लाईनों की मरम्मत करते जल शक्ति विभाग क
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर की लांगणा पंचायत में गहराए पेयजल संकट के बीच लोगों के लिए राहत की खबर है। जलशक्ति विभाग ने कई महीने से ठप पड़े पंप हाउस पर अतिरिक्त मोटर लगाकर पेयजल आपूर्ति को बहाल कर दिया। वहीं, हजारों उपभोक्ताओं को दो नए बोरवेल से पानी की आपूर्ति करने की योजना है।
पंचायत के अधीन आने वाले 22 गावों के लगभग पांच हजार पेयजल उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम हैंडपंप से भी स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी। जलशक्ति विभाग मंडल जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि लांगणा पंचायत के निचली प्रैण में पंप हाउस को ठीक कर पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। डबलैहड़ स्थित भंडारण टैंकों के लिए जाने वाले पाइनलाइन को भी ठीक कर दिया है।
उन्होंने बताया कि दो बोरवेल और हैंडपंप के माध्यम से भी लांगणा पंचायत के लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। लांगणा पंचायत प्रधान चंद्रमणी ने बताया कि जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता की अगुवाई में कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन में सुधार कर जल भंडारण टैंकों में पानी की आपूर्ति बढ़ाकर हजारों पेयजल उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की है।
बता दें कि लांगणा पंचायत में गर्मी के मौसम में पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया था। दो दिन पहले पानी की समस्या का समाधान न होने पर उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों के घेराव करने की चेतावनी भी दी थी। इसके साथ ही वीरवार को पंचायत प्रधान ने स्थानीय लोगों को साथ लेकर एसडीएम मनीश चौधरी से भी समस्या के समाधान की गुहार लगाई थी।