मंडी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने शुक्रवार को अपर पंडोह में तीन करोड़ 80 लाख की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना ज्यूणी खड्ड से अपर पंडोह का विधिवत लोकार्पण किया। इस योजना का पानी ज्यूणी खड्ड से उठाया गया है और इससे चार पंचायतों पंडोह, स्योगी, जागर और धार के नौ गांवों और 48 बस्तियों की करीब साढ़े सात हजार की आबादी को पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई है ।
अपर पंडोह में जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि उठाऊ पेयजल योजना समराहण के सुधार कार्य पर 28 लाख 77 हजार रुपये व्यय किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। एक करोड़ 65 लाख की उठाऊ सिंचाई योजना डोलरा बल्ह और एक करोड़ 23 लाख की उठाऊ सिंचाई योजना सांबल का निर्माण भी अंतिम चरणों में है और शीघ्र ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने ग्राम रोजगार सेवकों, पंचायत तकनीकी सहायकों और अन्य वर्गों के लिए नीति बनाकर उन्हें राहत पहुंचाई है। पंडोह में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया गया है और इसके लिए चिकित्सकों की तैनाती भी की जा रही है।
इस केंद्र के लिए बजट का प्रावधान कर राशि विभाग के पास पहुंच चुकी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि भवन के लिए उचित भूमि का चयन करें ताकि इसका निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जा सके। उन्होंने खाभलीपुल से धड़ोल तक सड़क पक्का करने को दो लाख, पंडोह बाजार में पक्की नालियों के निर्माण के लिए एक लाख, पंडोह में टैक्सी स्टैंड को पक्का करने के लिए एक लाख प्रदान करने की घोषणा की। मेला मैदान पंडोह में मंच के शेष निर्माण कार्य, ज्यूणी सड़क से अपर पंडोह सड़क को पक्का करने, अपर पंडोह आम रास्ता में गले के पास पक्की दीवार तथा पंचायत घर पंडोह के बैठक कक्ष के निर्माण का आश्वासन दिया। ग्राम पंचायत की ओर से प्रधान शीला देवी, जबकि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधीक्षण अभियंता, सुंदरनगर वृत्त एलआर चौधरी और सर्वोदय युवक मंडल पंडोह के अध्यक्ष अनूप चंद ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। सदर कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रताप राणा, जिला परिषद सदस्य सावित्री देवी तथा सदर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष खेमचंद, जगरनाथ सकलानी, सदर कांग्रेस की उपाध्यक्ष टिकेश्वरी शर्मा, सदर कांग्रेस के महासचिव कुलदीप सिंह, युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष नितिन सौंखला, सोहन लाल, सदर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष आशा वर्मा, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।