मई के बाद अपर-लोअर समखेतर समेत चार वार्डों में नहीं हुआ बिलों का आवंटन
विभाग ने सितंबर अंत तक सभी उपभोक्ताओं को बिल देने का किया दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर के समखेतर, थनेहड़ा, सन्यारड और खलियार वार्ड में तीन माह से पेयजल उपभोक्ताओं को बिल नहीं मिले हैं। मई के बाद बिल जारी न होने से उपभोक्ताओं को अब तीन माह का बिल एक साथ मिलने पर अधिक राशि के भुगतान की चिंता सताने लगी है।
समखेतर वार्ड के नागेंद्र, सुशील शर्मा, नवीन, प्रकाश चंद शर्मा और पुष्पराज कात्यायन समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि वर्ष 2024 से शहरी क्षेत्र में पानी के बिल नियमित नहीं मिल रहे हैं। कई बार दो से तीन माह के बिल एक साथ दिए जाते हैं, जिससे मासिक बजट प्रभावित होता है। उपभोक्ताओं ने विभाग से हर माह समय पर बिल जारी करने की मांग की है।
उधर, जल शक्ति विभाग मंडी में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे सहायक अभियंता सुंदरनगर सुशील ठाकुर ने बताया कि 31 मार्च तक अधिकांश शहरी उपभोक्ताओं को बिल आवंटित कर दिए गए थे। अन्य वार्डों में भी बिल जारी किए जा रहे हैं और सितंबर के अंत तक सभी उपभोक्ताओं को बिल आवंटित कर दिए जाएंगे।