खतरनाक मोड़ों के सुधार, जल निकासी और सुरक्षा इंतजाम पूरे करने की मांग
निर्माण पूरा करने के लिए मांगे 70 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राष्ट्रीय राजमार्ग-003 के मंडी-कोटली, कडकोह खंड के अधूरे और लंबित कार्यों को लेकर सदर विधायक अनिल शर्मा ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति से अवगत करवाते हुए प्रभावित लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त 70 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह किया।
विधायक ने बताया कि खंड में कई कार्य अभी अधूरे हैं और निर्माण की गुणवत्ता व कार्यान्वयन के तरीके से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने तीखे व खतरनाक मोड़ों में सुधार, जोखिमपूर्ण घुमाव कम करने, जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर रिटेनिंग व ब्रेस्ट वॉल बनाने की मांग रखी।
भूमि अधिग्रहण से प्रभावित घरों और संपत्तियों तक संपर्क मार्ग और पैदल रास्ते उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया। साथ ही सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और प्रस्तावित बस शेल्टरों का निर्माण न होने से जुड़ी समस्याओं से भी मंत्री को अवगत करवाया। विधायक ने कहा कि ये समस्याएं लोगों की सुरक्षा, आवागमन और रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़ी हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रभावित लोगों की दिक्कतों की जांच करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।