जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत गहरा गई है जबकि शहरी क्षेत्र में पेयजल व्यर्थ बह रहा है। जगह-जगह पर पेयजल लाइन टूट गई है। इससे हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। शिकायत के बाद भी विभाग गंभीर नहीं दिख रहा है।
शहर के लक्ष्मी बाजार में पाइप लाइन अरसे से टूटी है। नगर परिषद के वार्ड चार से विश्राम गृह की ओर जाने वाले मार्ग पर भी पाइप के क्षतिग्रस्त होने से रोजाना हजारों लीटर पानी बह रहा है। शहर की सड़कों को धोने के लिए लोग पानी का दुरुपयोग कर रहे हैं। रामलीला मैदान के साथ लगी पानी की टंकी में रोजाना व्यर्थ बह रहे पानी पर विभागीय अधिकारी कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के लिए विवाद हो रहे हैं वहीं शहरी क्षेत्र में पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों संजय कुमार, हरीश, विवेक, विनोद कुमार आदि ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल पाइप के टूटने से पानी की बरबादी हो रही है। जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता सूक्ष्म नाग ने कहा कि शहरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन की जानकारी आज ही मिली है। विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पाइप लाइन दुरुस्त करने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
..........
विधानसभा क्षेत्र जोगिंद्रनगर के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। कहीं भी पानी का संकट गहराया है तो विभाग तत्परता के साथ समस्या का समाधान करेगा।
-योगेश कपूर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग जोगिंद्रनगर