बिजनी के गांव सिह्नाल के विनय ठाकुर के लेफ्टिनेंट बनने पर स्वागत करते विधायक पूर्ण चंद्र व परिज
पधर (मंडी)। द्रंग विस क्षेत्र के बिजनी के गांव सिह्नाल से संबंध रखने वाले विनय ठाकुर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद रविवार को गृह क्षेत्र पहुंचे। उनका स्थानीय लोगों और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने जोरदार स्वागत किया। आठ मार्च को ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई, तमिलनाडु में पासआउट समारोह में विनय की माता देश कुमारी और छोटी बहन निकिता कुमारी शामिल रहीं।
विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने उन्हें बधाई दी और कहा कि विनय ठाकुर का सेना में लेफ्टिनेंट बनना गौरव की बात है। बताया कि विनय ठाकुर के पिता सुरेंद्र ठाकुर का दस साल पहले देहांत हो चुका है। उनके घर में माता और एक छोटी बहन है। विनय ठाकुर जब कैप्टन की वर्दी में घर पहुंचे तो माता और बहन के साथ साथ अन्य लोगों का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विनय ठाकुर ने स्वागत समारोह के लिए ग्रामीणों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में ऑफिसर बनने का उनके पिता का सपना था, जो आज पूरा हुआ है। संवाद