27 जुलाई से बंद है पाइपलाइन जोड़ने का काम
पंचायत प्रतिनिधियों ने विभाग से जल्द काम पूरा करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत सलापड़ कॉलोनी के तहत तोगड़ा-सियूं पेयजल योजना की पाइपलाइन का काम बीच में रुकने से ग्रामीणों में रोष है। विभाग ने पाइपलाइन जोड़ने का काम शुरू किया था लेकिन 27 जुलाई के बाद से काम आगे नहीं बढ़ पाया।
योजना का शेष कार्य पूरा करवाने के लिए 20 जुलाई को जिला परिषद, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग सुंदरनगर को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद विभाग ने काम शुरू किया लेकिन पूरा होने से पहले ही इसे रोक दिया गया। 14 अगस्त को पंचायत प्रधान रजनीश ठाकुर और ग्रामीणों ने अधीक्षक के माध्यम से दोबारा अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की। पंचायत ने विभाग से शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने और देरी का कारण लिखित रूप में बताने को कहा है। स्थानीय निवासी रजत ठाकुर और मोहित ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से योजना पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। उपप्रधान हंसराज ने कहा कि पेयजल व्यवस्था लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी है। ऐसे में योजना को अधर में छोड़ने के बजाय बचा हुआ कार्य जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
पंचायत प्रधान रजनीश ठाकुर ने बताया कि पंचायत की ओर से विभाग को कई बार अवगत करवाने के बावजूद कार्य पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने विभाग से योजना को जल्द पूरा करने की मांग की।
अगले सप्ताह तक पूरा होगा शेष काम
योजना का काम चला हुआ है। अगले सप्ताह तक जितना भी कार्य शेष है, उसे पूरा कर लिया जाएगा। दूसरी लिफ्ट योजना में समस्या आने के कारण बीच में यहां का काम रोकना पड़ा था। फिलहाल क्षेत्र में पानी की कोई समस्या नहीं है। -रजत गर्ग, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल सुंदरनगर