संधोल (मंडी)। संधोल के घनाला गांव निवासी 35 वर्षीय अमित कुमार पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार का शव बुधवार को संधोल-हमीरपुर सीमा पर स्थित गांव सच्चूही (तहसील सुजानपुर) में सड़क से करीब 100 फीट नीचे मिला है। अमित कुमार बीते रविवार से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। बुधवार को स्थानीय लोगों ने सड़क के नीचे शव देखा, जिसकी पहचान परिजनों ने अमित के रूप में की गई। अमित अविवाहित था और अपने पीछे बुजुर्ग माता भोला देवी, एक भाई और एक बहन छोड़ गया है।
सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना पुलिस की टीम बुधवार शाम करीब 4:15 बजे मौके पर पहुंची और शव को सुपुर्दगी में लिया। एसएचओ सुजानपुर प्रकाश ठाकुर ने बताया कि संधोल-हमीरपुर सीमा के पास सच्चूही में युवक का शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेजा जा रहा है।
मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।