एसडीएम ने दिखाई हरी झंडी, मंडी-चिऊणी-चेत रूट बहाल होने की उम्मीद
एसडीएम देवी राम ने औपचारिकताएं पूरी कर बस सेवा नियमित चलाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों के प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। मंडी-चिऊणी-चेत रूट पर बस सेवा बहाल करने के लिए ग्रामीणों की ओर से बनाए गए 500 मीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस का ट्रायल सफल रहा।
शुक्रवार को एसडीएम गोहर देवी राम ने लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रिबन काटकर बस को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद वैकल्पिक मार्ग पर बस चलाकर सुरक्षा और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
जून 2025 में आई आपदा के दौरान गोहर-कांढा मार्ग पर धरोटधार के पास कलहाणी (कैंची मोड़) में पहाड़ी दरकने से सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा बह गया था। इससे सराज की मुसरानी, चेत, चिऊणी, लंबाथाच, धरोटधार, डडोह और दाण सहित करीब एक दर्जन पंचायतों का मंडी और नेरचौक मेडिकल कॉलेज से सीधा संपर्क कट गया था।
बस सेवा बंद होने से सराज कॉलेज लंबाथाच, बासा कॉलेज और स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों को महंगे निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था। वहीं, मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो रही थी। बस का ट्रायल सफल होने से हजारों ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने खुद खर्च किए 1.5 लाख रुपये
प्रशासनिक देरी से परेशान मुसरानी पंचायत के प्रधान हुकुम सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने कुदाल-फावड़े और जेसीबी की मदद से करीब 500 मीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग तैयार किया। इस पर लगभग 1.5 लाख रुपये खर्च हुए। खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने तकनीकी निरीक्षण करवाकर कार्रवाई तेज की।
औपचारिकताएं पूरी होते ही शुरू होगी नियमित बस सेवा
वैकल्पिक मार्ग पर एचआरटीसी बस का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग को कागजी और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। औपचारिकताएं पूरी होते ही मंडी-चिऊणी-चेत रूट पर नियमित बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। -देवी राम, एसडीएम गोहर