रिवालसर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक की रिवालसर शाखा में कार्यरत प्रबंधक की कार्यप्रणाली पर ग्रामीण खफा हैं। ग्रामीण सुदर्शन कुमार, डीडी शर्मा, पवन ठाकुर, जगदीश चंद्र, हेम राज, ज्ञान चंद, तिलक राज, किशोरी लाल आदि ने बैंक प्रबंधक पर आरोप लगाया कि उनके रवैये की वजह से लोग बैंक में खाता खुलवाने से कतरा रहे हैं।
जिन लोगों के बैंक शाखा में पहले से खाते हैं, वे भी अन्य बैंक में खाता खुलवाने जा रहे हैं। लोगों ने बैंक के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र सौंपा है। लोगों का कहना है कि प्रबंधक का तबादला नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, बैंक के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद