धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का चोलथरा कस्बे के ग्रामीण एनएच निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही और अनियमितताओं के कारण लंबे अरसे से परेशानी झेल रहे हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने अब निर्माण कर रही कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस बारे पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह किसान सभा के करतार सिंह चौहान, बलदेव ठाकुर ने प्रभावित परिवारों, व्यापार मंडल, ग्राम पंचायत और जनकल्याण सभा चोलथरा के पदाधिकारियों से मुलाकात कर ताजा स्थिति का जायजा लिया।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों, व्यापार मंडल और पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इसके बारे में कई बार प्रशासन और कंपनी को अवगत करवाया गया है, लेकिन कार्य में कोई सुधार नहीं हो रहा है। चोलथरा बाजार और सधोट से धर्मपुर की ओर और पपलोग होते हुए सरकाघाट की ओर जाने वाली सड़क के लिए बनाए गए बाईपास के चलते दोनों ओर से कटिंग की गई है। स्थिति यह है कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में भारी समस्या हो रही है। घरों के आगे की गई कटिंग की रोकथाम के लिए सुरक्षा दीवारें नहीं लगाई गई हैं और न ही पानी की निकासी के लिए नालियां बनाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि भूप सिंह गुलेरिया और श्रवण कुमार के घरों के पास पिछली बरसात से पहले कंपनी की ओर से की गई कटिंग से इनके गिरने का खतरा पैदा हो गया है। कंपनी मनमाने तरीके काम कर रही है। प्रशासन भी मात्र बैठकें कर रस्म अदायगी में ही लगा हुआ। कहा कि कई मकानों को खतरा पैदा हो गया है, लेकिन प्रशासन भी लापरवाह बना हुआ है। जिसके चलते हिमाचल किसान सभा ने 20 मई को सरकाघाट में कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।